पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर PM मोदी ने क्या कहा? दिया भावुक संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का निधन।

Image Source : SOCIAL MEDIA
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का निधन।

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। मनमोहन सिंह को गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। रात को 9 बजकर 51 मिनट पर पूर्व प्रधानमंत्री का निधन हो गया। डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अनेक नेता उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। आइए जानते हैं कि पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पीएम मोदी समेत एनडीए नेताओं ने क्या कहा है।

क्या बोले पीएम मोदी?

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- “भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी। संसद में वो काफी व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में, उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।”

पीएम मोदी ने साझा की पुरानी यादें

पीएम मोदी ने डॉक्टर मनमोहन सिंह के साथ पुरानी यादों को भी साझा किया। उन्होंने लिखा- “जब डॉ. मनमोहन सिंह जी प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था तब मेरे और उनके बीच नियमित बातचीत होती थी। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता सदैव झलकती रहती थी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ. मनमोहन सिंह जी के परिवार, उनके दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति।”

उन्हें हमेशा याद किया जाएगा- राष्ट्रपति मुर्मू

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा- “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी उन बहुत कम राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में भी समान सहजता से काम किया। सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका निधन हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं भारत के सबसे महान सपूतों में से एक को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं और उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं।”

अमित शाह ने जताया दुख

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।”

जेपी नड्डा ने जताया शोक

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा- “पूर्व प्रधानमंत्री एवं अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह जी का निधन देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। वह एक दूरदर्शी राजनेता और भारतीय राजनीति के दिग्गज थे । सार्वजनिक सेवा में अपने उल्लेखनीय करियर के दौरान, उन्होंने लगातार वंचितों के कल्याण के लिए आवाज उठाई। उनके नेतृत्व ने सभी दलों में प्रशंसा और सम्मान अर्जित किया। मनमोहन सिंह जी की विरासत राष्ट्र निर्माण के लिए पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना। ॐ शांति।

गहरा दुख हुआ- राजनाथ सिंह

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा- “भारत के पूर्व प्रधान मंत्री डॉ.मनमोहन सिंह जी के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने कठिन समय के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सेवा और बुद्धिमत्ता के लिए उनका व्यापक सम्मान किया जाता था। भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना। ओम शांति!

सीएम योगी क्या बोले?

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा- “पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है। वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

मनमोहन सिंह जी का निधन दुःखद- नीतीश कुमार

बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने कहा- “देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन दुःखद। वे एक कुशल राजनेता एवं अर्थशास्त्री थे। उनके नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली। डॉ॰ मनमोहन सिंह जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए प्रार्थना है।

नितिन गडकरी ने जताया शोक

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा- “देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का समाचार सुनकर अतीव दु:ख हुआ। देश के वित्तमंत्री के रूप में भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य उन्होंने किया। उच्चशिक्षित होने के साथ साथ विनम्र, शालीन, संवेदनशील और देश के प्रति समर्पित ऐसा उनका व्यक्तित्व था। भाजपा अध्यक्ष के रूप में कई बार उनसे वार्तालाप करने का अवसर मिला। उनमें सदैव देश को आगे बढ़ाने की सोच थी। ये देश डॉ. मनमोहन सिंह जी को कभी भूल नही सकता। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे। ॐ शांति।”

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने किया ट्वीट

पूर्व प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से, हमने एक महान विद्वान, अर्थशास्त्री और राजनेता खो दिया है। भारत के आर्थिक सुधारों में उनके योगदान, 10 वर्षों तक प्रधान मंत्री के रूप में हमारे देश की सेवा, को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना। ॐ शांति !

रमन सिंह क्या बोले?

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा- “देश के पूर्व प्रधानमंत्री और विद्वान अर्थशास्त्री श्री #ManmohanSingh जी के निधन समाचार से व्यथित हूँ। वित्तमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे पदों पर रहकर उन्होंने राष्ट्र की सेवा में जो योगदान दिया, उसे भुलाया नहीं जा सकता है। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि उनकी दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों व समर्थकों को धैर्य और संबल प्रदान करें।”

Latest India News

Source link

D Insight News
Author: D Insight News

दीपक चौधरी एक अनुभवी संपादक हैं, जिन्हें पत्रकारिता में चार वर्षों का अनुभव है। वे राजनीतिक घटनाओं के विश्लेषण में विशेष दक्षता रखते हैं। उनकी लेखनी गहरी अंतर्दृष्टि और तथ्यों पर आधारित होती है, जिससे वे पाठकों को सूचित और जागरूक करते हैं।

Author

  • D Insight News

    दीपक चौधरी एक अनुभवी संपादक हैं, जिन्हें पत्रकारिता में चार वर्षों का अनुभव है। वे राजनीतिक घटनाओं के विश्लेषण में विशेष दक्षता रखते हैं। उनकी लेखनी गहरी अंतर्दृष्टि और तथ्यों पर आधारित होती है, जिससे वे पाठकों को सूचित और जागरूक करते हैं।

    View all posts

और पढ़ें